स्वर्णिम भारत न्यूज़ संवाददाता, रामपुर : स्वार रोड स्थित खौद चौराहे पर हुई चाकूबाजी में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर फरार हो गया। लोगों का कहना है कि हमलावर नशे में था। हालांकि मृतक के स्वजन का आरोप है कि हमलावर चौराहे पर ही चाय का होटल चलाता है। रुपये के लेनदेन के विवाद में उसने हत्या की है। घटना शनिवार को शाम करीब चार बजे की है।
शराब के नशे में किया हमला
अजीमनगर थाना क्षेत्र में खौद चौराहे पर रोजाना की तरह चहल-पहल थी। अचानक एक व्यक्ति चाकू लेकर लाेगों पर हमलावर हो गया। उसने ताबड़तोड़ वार करके चार लोगों को घायल कर दिया। इसके बाद वहां से भाग गया। घटना से चौराहे पर अफरातफरी मच गई। लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। इनमें घायल अमीर अहमद उर्फ अमीरुद्दीन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों को भर्ती कर उपचार दिया गया। घायलों में 14 वर्ष का गौरव भी शामिल है। इसके अलावा शाकिर अली और राहत जान भी घायल हुए हैं। ये सभी खौद के रहने वाले हैं।
घायलों का कहना है कि हमलावर नशे में था। मृतक अमीरूद्दीन थाना गंज के काशीपुर आंगा गांव के रहने वाले थे। जानकारी पर उनके स्वजन भी आ गए। मृतक के पिता जमील अहमद ने बताया कि उनके बेटे की खौद चौराहे पर साइकिल मरम्मत की दुकान है। हमलावर नन्हे पुत्र भूरा है, जो खौद का रहने वाला है। उसका खौद चौराहे पर चाय का होटल है।
दोनों के बीच पैसों के लेनदेन का विवाद चल रहा था, जिसके कारण नन्हे ने उनके बेटे की चाकू मारकर हत्या की है। उधर, अजीमनगर थाना प्रभारी पवनवीर सिंह राणा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मृतक पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
+91 120 4319808|9470846577
स्वर्णिम भारत न्यूज़ हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.